बिहार में ‘अग्निपथ’ का विरोध, प्रदर्शन और हुआ हिंसक, ट्रेन-बसें फूंकीं; डिप्टी CM-BJP प्रदेश अध्यक्ष के घर पर हमला

केंद्र की अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार में तीसरे दिन प्रदर्शन उग्र हो गया है। राजधानी पटना समेत 25 जिलों में जमकर बवाल हो रहा है। पटना के दानापुर स्टेशन पर ट्रेन और पार्सल रूम में आग लगा दी। स्टेशन के बाहर खड़ी गाड़ियों को फूंक दिया। पुलिस पर पथराव किया गया। बेतिया में प्रदर्शनकारियों ने डिप्टी सीएम रेणु देवी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष संजय जायसवाल के घर पर हमला किया। यहां पर भाजपा विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर पथराव किया गया।
सुबह से अब तक 8 ट्रेनों को निशाना बनाया गया है। समस्तीपुर में 2, लखीसराय में 2, दानापुर, फतुहा, आरा और सुपौल में एक-एक यात्री ट्रेन में प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी। वहीं, बक्सर और नालंदा समेत कई जिलों में रेलवे ट्रैक पर आगजनी की गई है। आरा के बिहिया रेलवे स्टेशन पर उपद्रवियों ने स्टेशन पर लूटपाट की है। टिकट काउंटर से लगभग 3 लाख रुपए लूट लिए हैं।
सासाराम में टोल प्लाजा में घुसकर प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की। टोल प्लाजा में आगजनी भी की गई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी है। कई राउंड फायरिंग की खबर है। आरा में सड़क पर आगजनी के बाद जाम लगाया गया है।
कल बिहार बंद बुलाया
तीन दिन से चल रहे हिंसक प्रदर्शन के बाद आइसा-इनौस, रोजगार संघर्ष संयुक्त मोर्चा और सेना भर्ती जवान मोर्चा ने 18 जून को बिहार बंद का आह्वान किया है। इसके साथ ही राजनीतिक-सामाजिक संगठनों और बिहार की जनता से सेना और युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए बिहार बंद को सक्रिय रूप से समर्थन देने की अपील भी की है।