राज्यपाल का ट्विटर हैंडल ठप:दो बार हैक हुआ, अब संचालन बंद, साइबर थाने-SSP से शिकायत; एलन मस्क के एक पोस्ट को किया था टैग

छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसूईया उइके का आधिकारिक ट्विटर हैंडल साइबर हमले का शिकार हो गया। गुरुवार को दो बार हैक होने के बाद अब उसका संचालन ठप हो गया है। दैनिक भास्कर के सबसे पहले सूचना देने के बाद राज्यपाल का सोशल मीडिया एकाउंट का संचालन करने वाली एजेंसी ने साइबर थाने में शिकायत की है। राज्यपाल के सचिव ने भी रायपुर एसएसपी को पत्र भेजकर कार्यवाही करने को कहा है।
राजभवन की ओर से देर रात बताया गया कि राज्यपाल अनुसुईया उइके और राजभवन सचिवालय के दैनिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों का उपयोग किया जा रहा है। इसके लिए @GovernorCG नाम से एक ट्विटर एकाउंट संचालित है। 19 मई की सुबह अज्ञात व्यक्तियों ने वह ट्विटर हैंडल हैक कर लिया था। इसकी वजह से इसका संचालन नहीं हो पा रहा है।
वर्तमान में राज्यपाल व राजभवन की गतिविधियों को उक्त ट्विटर एकाउंट के माध्यम से साझा नहीं किया जा रहा है। राजभवन के अधिकारियों ने बताया, ट्विटर एकाउंट के हैक किये जाने के संबंध में संचालनकर्ता एजेंसी ने साइबर सेल के प्रभारी अधिकारी को लिखित शिकायत कर कार्यवाही का अनुरोध किया है।
भास्कर से सबसे पहले दी थी हैकिंग की सूचना
ट्वीटर पर अमेरिकी-कनाडाई कारोबारी एलन मस्क ने एक पोस्ट डाली। उसमें उन्होंने लिखा, क्रिप्टोक्यूरेंसी कई स्तरों पर एक अच्छा विचार है और हमें विश्वास है कि इसका भविष्य आशाजनक है। em4crypt.com का लिंक डालते हुए उस पोस्ट में कहा गया था आओ सब मिलकर इसका समर्थन करें। गुरुवार सुबह इस पोस्ट को टैग करते हुए छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के आधिकारिक हैंडल से एक जवाब पोस्ट हुआ। लिखा था, यह एक बड़ा समाचार है। उसके बाद अगले आधे घंटे तक 15 और बार यही वाक्य घुमा-फिरा कर लिखा गया। बाद में लिखा गया कि यह एक बड़ा दिन है! दैनिक भास्कर से सबसे पहले इसकी सूचना दी थी।