सिगरेट के रेट को लेकर झगड़ा, फिर महिला से छेड़छाड़:गालियां भी दीं, उसके पति को भी दी जान से मारने की धमकी; 2 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में पुलिस ने महिला से विवाद और फिर उससे छेड़छाड़ करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने मिलकर उसे गालियां भी दी थी। इसके अलावा जब बीच बचाव करने उसका पति आया था तो उसे भी जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। अब पुलिस ने कार्रवाई की है। मामला डभरा थाना क्षेत्र का है।
डभरा क्षेत्र की रहने वाली महिला और उसका परिवार किराने की दुकान चलाता है। 20 अप्रैल को उसकी दुकान में कांसा निवासी विकास बरेठ और शैलेंद्र कुमार साहू पहुंचे थे। यहां पहुंचने के बाद दोनों ने पहले महिला से सिगरेट मांगा। इसके बाद जब वह पैसा मांगने लगी तो उससे विवाद करने लगे। कहने लगे कि रेट ज्यादा है। हम इतना नहीं देंगे।
इसके बाद बात बढ़ गई और दोनों ने मिलकर महिला को गाली देनी शुरू कर दिया। यह सुनते ही महिला का पति मौके पर पहुंंच गया और इस बात का विरोध करने लगा। इस पर दोनों युवकों ने उसके पति को भी गाली दी और जान से मारने की धमकी तक दी। बाद में दोनों फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित महिला ने मामले में शिकायत की थी। अब पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।