साहब मुझे बीवी दिलवा दीजिए:जन चौपाल में युवक की अनूठी मांग; बोला-मेरी शादी करवा दीजिए, खाना बनाने, कपड़े धोने में बहुत परेशानी है

जांजगीर जिले में एक युवक ने प्रशासन से अनूठी मांग की है। उसने जन चौपाल में मांग की है कि उसकी शादी करवाई जाए। जिससे उसी पत्नी मिल जाए। युवक ने कहा है कि मैं भटक रहा हूं, पत्नी नहीं होने के कारण खाना बनाने और कपड़ा धोने में परेशानी है। युवक की इस मांग के बाद ये चर्चा का विषय बन गया है। यहां हर कोई अब इसी बारे में बात कर रहा है।
दरअसल, सोमवार को पामगढ़ जनपद क्षेत्र के भैसों गांव में जन चौपाल का आयोजन किया गया था। यहां बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। अधिकारी भी सबकी शिकायत सुनने में व्यस्त थे। इस बीच भैसों गांव निवासी गोविंद कश्यप (42) भी वहां पहुंचा था। फिर यहां जो उसने अधिकारियों से कहना शुरू किया वह सुनकर हर कोई हैरान रह गया।
गोविंद ने अधिकारियों से कहा मुझे बीवी दिलवा दीजिए, मेरी शादी करवा दीजिए। मैं बहुत परेशान हूं। यहां-वहां भटकता रहता हूं। पत्नी नहीं होने के कारण खाना बनाने में बहुत परेशानी है। कपड़ा भी नहीं धो पाता। अच्छा नहीं लगता है। बताया गया कि युवक नौकरी नहीं करता है। घर पर ही रहता है। उसके पास कुछ खेत है, जिसमें वह सिर्फ खेती बड़ी करता है। यह भी पता चला है कि इस कार्यक्रम में 63 आवेदन आए थे। जिसे स्वीकार किया गया है।