दुष्कर्म का विचाराधीन कैदी फरार:जिला अस्पताल में भर्ती था, प्रहरी से बोला-हथकड़ी चुभ रही है, ढीली कर दो, फिर पानी लाने भेजकर भाग निकला

जांजगीर-चांपा में बुधवार देर रात एक विचाराधीन फरार हो गया। उसे सीने में दर्द की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आधी रात के बाद कैदी ने हथकड़ी चुभने का झांसा देकर प्रहरी से ढीली करवाई और फिर उसे पानी लेने भेज दिया। प्रहरी पानी लेने गया और इधर कैदी फरार हो गया। कैदी दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत विचाराधीन था। मामला सामने आने के बाद प्रहरी को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के देवरीखुर्द निवासी दुर्गा प्रसाद साहू (23) को जांजगीर की मुलमुला थाना पुलिस ने 24 मई को दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे कोर्ट ने जेल भेज दिया। यहां 7 जून को दुर्गा प्रसाद ने सीने में दर्द की शिकायत की, इस पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। यहां उसे जनरल वार्ड में रखा गया था। बुधवार रात करीब 12 बजे बंदी दुर्गा प्रसाद ने प्रहरी सोनू साहू को झांसा दिया।